कटघोरा वनमंडल में कुछ घंटों के भीतर 2 मौतें:खेत में करंट की चपेट में आया ग्रामीण;शिकार के लिए बिछाए जाल में फंसा भालू

कोरबा – कोरबा के कटघोरा वनमंडल में सोमवार को कुछ घंटों के भीतर दो मौतें हुईं। पसान वन परिक्षेत्र के लोकरहा गांव में खेत की मेड़ पर लगाए गए करंट वाले तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, केंदई वन परिक्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए गए स्टील के जाल में फंसकर भालू की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
खेत में फसल देखने गया था ग्रामीण
पहली घटना पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम पंचायत सेंहा के आश्रित गांव लोकरहा की है। कृष्णा कुमार एक्का (38) सोमवार सुबह करीब 7 बजे खेत में फसल देखने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पहुंचे। वहां कृष्णा का शव खेत की मेड़ पर लगे करंट वाले तार से चिपका मिला। सूचना मिलने पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

हाथियों से फसल बचाने लगाया था करंट वाला तार
लोकरहा के जंगल में इन दिनों 45 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। शाम होते ही हाथी खेतों में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे बचने के लिए किसान रामायण सिंह ने अपने खेत की मेड़ पर करंट वाला फेंसिंग तार लगाया था। इसी तार की चपेट में आने से कृष्णा की मौत हो गई। पुलिस ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर पूछा है कि खेत में लगाया गया बिजली कनेक्शन वैध था या अवैध। इसकी जांच की जा रही है।

जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया था जाल
दूसरी घटना केंदई वन परिक्षेत्र की है। जंगल गए ग्रामीणों ने एक भालू को मृत हालत में देखा। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। कटघोरा डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि भालू जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए गए स्टील के जाल में फंस गया था। इससे उसकी मौत हो गई। वन विभाग की टीम ने जाल जब्त कर लिया है और शिकार के लिए जाल बिछाने वाले की तलाश में जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
कोरबा और कटघोरा वनमंडल में हाथियों के झुंड लंबे समय से डेरा डाले हुए हैं। प्रशासन ने कई बार किसानों को खेतों में करंट वाले तार नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कुछ किसान फसल बचाने के लिए करंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, वनांचल में शिकारी भी वन्यजीवों को पकड़ने के लिए जाल बिछा रहे हैं। इससे पहले भी ऐसी घटनाओं में इंसानों और वन्यजीवों की जान जा चुकी है।

पुलिस और वन विभाग कर रहे जांच
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस और वन विभाग अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। ASP लखन पटले ने बताया कि मर्ग की सूचना मिलने पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



