Uncategorized

नर्स के भरोसे डिलीवरी, नवजात के बाद मां की मौत:ससुर बोले- हंसते-खेलते गई थी, लाश लौटी; बुलाने पर भी डॉक्टर नहीं पहुंचे

बालोद – छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके कुछ घंटे बाद मां ने भी दम तोड़ दिया। रिलेटिव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर और नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामला पलारी PHC का है। रिलेटिव का कहना है कि लेबर पेन होने पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान वे डॉक्टर को बार-बार बुलाते रहे, लेकिन डॉक्टर उसे देखने नहीं पहुंचे। डॉक्टर ने कहा था कि जरूरत पड़ने पर नर्स कॉल कर बुला लेगी। उनका आरोप है कि इसके बाद नर्स के भरोसे डिलीवरी कराई गई। महिला के ससुर ने कहा, ‘बहू को हंसते-खेलते अस्पताल लेकर आए थे, लेकिन वह लाश बनकर लौटी।’ वहीं अब रिलेटिव इस मामले में सख्त कार्रवाई मांग की है। इधर, इस मामले में सीएमएचओ डॉ. जेएल उइके ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

ग्राम पलारी निवासी तीरथ साहू की पत्नी वेदबाई साहू को 20 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे लेबर पेन हुआ। इसके बाद पति तीरथ और ससुर महेश साहू वेदबाई लेकर गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। सुबह करीब 6 बजे वेदबाई को भर्ती कराया गया। उस समय अस्पताल में नर्स कुमारी हेमलता ठाकुर मौजूद थी। ससुर महेश साहू के मुताबिक, सुरक्षित डिलीवरी के लिए उन्होंने ग्रामीण चिकित्सा सहायक (आरएमए) सुनील कुमार देवांगन को कई बार कॉल किया लेकिन वे वेदबाई को देखने नहीं पहुंचे। आरोप है कि डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्स के भरोसे ही डिलीवरी कराने की तैयारी की गई।

मृत पैदा हुआ नवजात, मां की भी बिगड़ी हालत

रिलेटिव के मुताबिक, सुबह 8:50 बजे प्रसव हुआ, लेकिन नवजात मृत पैदा हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही परिवार घबरा गया। उन्होंने नवजात की जांच और प्रसूता के बेहतर इलाज के लिए दोनों को धमतरी ले जाने की बात कही। उनका आरोप है कि नवजात की मौत के बाद पहुंचे डॉक्टर ने वेदबाई की हालत सामान्य बताते हुए उसे रेफर करने से मना कर दिया। बाद में वेदबाई की तबीयत बिगड़ने पर उसे धमतरी ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।

पति ने रेफर करने को कहा, स्टाफ ने हालत सामान्य बताई

वेदबाई के पति तीरथ राम साहू ने बताया कि उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से बार-बार कहा था कि अगर यहां इलाज संभव नहीं है तो उनकी पत्नी को धमतरी रेफर कर दिया जाए। इसके बावजूद अस्पताल के कर्मचारियों ने महिला की हालत सामान्य बताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button