छत्तीसगढ़

बिलासपुर में 17 साल की लड़की की संदिग्ध मौत:मां बोली- युवक ने मिलने बुलाकर पीटा, बेटी ने कॉल कर बताई; हत्या का शक

बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 साल की लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां ने मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मां के मुताबिक, बुधवार दोपहर दुर्गेश ने मैसेज कर बेटी को मिलने बुलाया था। इसके बाद बेटी ने कॉल पर रोते हुए बताया कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। शाम को दुर्गेश ने युवती की मां को कॉल पर पहले अस्पताल में भर्ती कराने और फिर फांसी लगाने की जानकारी दी। रात 8 बजे सिम्स में उसकी मौत हो गई। मां का आरोप है कि बेटी के शरीर पर चोट के निशान हैं और हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। वहीं, पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

घुरु निवासी मीना डहरिया ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। उनकी बेटी आरुषि (17) एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरुषि रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद मीना भी अपने काम पर चली गईं।

दोपहर में युवक ने मिलने बुलाया, फिर की मारपीट

मीना के मुताबिक, दोपहर में मोहल्ले के युवक दुर्गेश सूर्यवंशी ने आरुषि के मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे मिलने बुलाया। परिचित होने के कारण आरुषि उससे मिलने चली गई। कुछ देर बाद आरुषि ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण मीना कॉल रिसीव नहीं कर सकीं। काम से छूटने के बाद जब मां ने बेटी को फोन किया, तो वह रोते हुए बताने लगी कि दुर्गेश उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा है। घबराहट में आरुषि अपनी लोकेशन नहीं बता पाई। मीना को लगा कि दोनों के बीच का विवाद शांत हो जाएगा, इसलिए वह फिर काम में लग गई।

शाम को फोन कर बताई फांसी लगाने की बात

मीना ने बताया कि शाम करीब 6 बजे दुर्गेश ने फोन कर जानकारी दी कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद उसने दोबारा फोन कर बताया कि आरुषी ने फांसी लगा ली है और उसे सिम्स लाया गया है। रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से सूचना मिली कि आरुषि की मौत हो गई है।

मां बोली- शरीर पर चोट के निशान, बेटी नहीं कर सकती आत्महत्या

बेटी का शव देखकर मीना ने दुर्गेश पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरुषि के पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हैं। दुर्गेश ने पीट-पीटकर उसकी हत्या की है और अब घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है। मीना ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं। लड़की के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button