ऑयल टैंकर में लगी आग,अफरा-तफरी

कोरबा-बांगो। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर गुरसिया मोड़ के पास पेट्रोल-डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में आग लग गई। टैंकर कोरबा से पेट्रोल और डीजल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था।
प्रारम्भिक जानकारी के मुताबिक, टैंकर का चालक गुरसिया ढाबा के पास खाना खाने के लिए रुका था। इसके बाद जैसे ही उसने आगे रवाना होने के लिये गाड़ी स्टार्ट किया, इंजन के हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग बढ़ने लगी। चालक ने कूदकर खुद को सुरक्षित किया। टैंकर में पेट्रोल और डीजल भरा होने की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा मातहतों के साथ पहुंचे। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर के कारण पुलिस द्वारा सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए। दमकल वाहनों के द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।



