सुबह स्कूल में मचा हड़कंप, 10वीं के छात्र ने कमरे में लगाई फांसी; जांच में जुटी पुलिस

बालोद । डौंडी के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 10वीं में पढ़ने वाला एक छात्र अपने कमरे में मृत मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृत छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम, निवासी ग्राम रीवागहन खेरथा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह स्कूल के अन्य विद्यार्थी पीटी के लिए गए थे, लेकिन विनय उनके साथ नहीं गया था।
पीटी समाप्त होने के बाद जब छात्र वापस लौटे, तब कमरे में विनय के नहीं होने पर उसकी तलाश की गई। इसी दौरान कमरा नंबर 16 में छात्र को फंदे पर लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्कूल में छात्र की मौत की सूचना मिलने के बाद डौंडी थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग के सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल विनय ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। छात्र के सहपाठियों और उसके करीबियों से बातचीत के बाद घटना के पीछे की वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।



