छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पटवारी हड़ताल पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, प्रदेश अध्यक्ष समेत 6 सस्पेंड; 1078 को नोटिस

रायपुर – छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व कार्यों के साथ धान खरीदी की तैयारियां भी प्रभावित होने लगी हैं। 13 अक्टूबर से जारी इस हड़ताल को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, बलरामपुर में मुख्यालय में निवास नहीं करने के मामले में पांच अन्य पटवारियों पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।

हड़ताल खत्म कर ड्यूटी पर लौटने के लिए अलग-अलग जिलों में पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। बिलासपुर जिले में 259 और सरगुजा संभाग के छह जिलों में 819 पटवारियों को नोटिस देने की कार्रवाई की गई है। इस तरह इन दोनों क्षेत्रों में 1078 पटवारियों को काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। रायपुर में भी पटवारियों को चेतावनी दी गई है और सोमवार से नोटिस जारी करने की तैयारी है।

धान खरीदी की तैयारियों पर पड़ रहा असर

प्रदेश में धान खरीदी की तैयारियों के बीच पटवारियों की हड़ताल से कई महत्वपूर्ण काम प्रभावित हो रहे हैं। डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसलों का भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टैक में किसानों के अभिलेखों की जांच और धान गिरदावरी जैसे काम प्रभावित हैं। इसके अलावा चक्रवाती तूफान से फसल को हुए नुकसान का आकलन और प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।

बिलासपुर में सभी 259 पटवारियों को नोटिस

बिलासपुर जिले में हड़ताल पर गए सभी 259 पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा के एसडीएम ने संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में उन्हें ड्यूटी पर उपस्थित होकर तहसीलदार के माध्यम से उसी दिन लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। निर्धारित समय तक मुख्यालय में उपस्थित नहीं होने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

सरगुजा संभाग के छह जिलों में 819 पटवारियों को नोटिस

सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने सभी छह जिलों के एसडीएम को हड़ताली पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें सूरजपुर के 192, सरगुजा के 216, बलरामपुर के 150, जशपुर के 150, कोरिया के 60 और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 51 पटवारी शामिल हैं। वहीं, बलरामपुर में मुख्यालय में निवास नहीं करने के मामले में गौतम पटेल, पन्नेलाल सोनवानी, कपिल देव भगत, धीरेंद्र उरमलिया और शैलेश मेहता को निलंबित किया गया है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी प्रशासन का अल्टीमेटम

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में भी 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व कामकाज प्रभावित है। सारंगढ़, बरमकेला और सरिया तहसील के पटवारियों को नोटिस जारी कर तत्काल ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने धान गिरदावरी, आपदा सर्वे और अन्य राजस्व कार्यों में आ रही बाधाओं का हवाला देते हुए आदेश का पालन नहीं करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पटवारी हड़ताल से ये काम प्रभावित

– डिजिटल क्रॉप सर्वे और फसलों का भौतिक सत्यापन।

– एग्रीस्टैक और धान खरीदी से जुड़े किसान रिकॉर्ड की जांच।

– चक्रवाती तूफान से फसल क्षति का सर्वे और राहत कार्य।

– आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के जांच प्रतिवेदन।

– नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से जुड़े मामले।

– राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निराकरण।

पटवारियों की हड़ताल और प्रशासन की कार्रवाई के बीच टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पटवारी काम पर लौटते हैं या हड़ताल जारी रखते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button