जशपुर में मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा… जल्दी अमीर बनने के लिए अंगों के कारोबार की बनाई योजना, AI से जानकारी जुटाने का पुलिस का दावा

जशपुरनगर– छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के लोढ़ेनापाठ में चार साल के मासूम जितेंद्र राम की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ममेरे भाई बासुदेव उर्फ टेंगनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्चे की हत्या के बाद उसकी दोनों आंखें और शरीर के कुछ अंदरूनी अंग निकाल लिए थे। इस जघन्य वारदात के पीछे जल्दी अमीर बनने की चाह और मानव अंगों के कथित कारोबार की योजना सामने आई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी करीब दो साल से AI और इंटरनेट मीडिया पर कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के तरीके तलाश रहा था।
बच्चे के लापता होने के बाद खेत में मिला शव
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मुताबिक, लोढ़ेनापाठ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर को अपने चार वर्षीय बेटे जितेंद्र के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे उसका ममेरा भाई बासुदेव घर आया था और उसे शराब पिलाने के लिए बस स्टैंड ले गया था।
जब रामजीत घर लौटा तो जितेंद्र वहां नहीं मिला। परिजनों ने गांव और आसपास के खेतों में बच्चे की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन तलाश के दौरान गांव के एक खेत में बने गड्ढे से कंबल और गोदरी में लिपटा बच्चे का शव बरामद हुआ।
शव से आंखें और अंदरूनी अंग गायब मिलने से खुला मामला
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तो शव से दोनों आंखें और कुछ अंदरूनी अंग गायब मिले। इसके बाद बीएनएस की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने जितेंद्र को बासुदेव के साथ जंगल की ओर जाते देखा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे जंगल के पास खेत में बनी एक झोपड़ी में सोते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
AI और इंटरनेट मीडिया पर दो साल तक तलाशता रहा जल्दी अमीर बनने के तरीके
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पांचवीं तक पढ़ा है और चलनी गांव में खेतों में मजदूरी करता था। वह अपनी आमदनी से संतुष्ट नहीं था और महंगी बाइक सहित अन्य सामान खरीदने के लिए कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था।
पुलिस का दावा है कि आरोपी अपने मोबाइल फोन से करीब दो साल तक AI और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर जल्दी अमीर बनने के तरीके पूछता रहा। इसी दौरान उसने मानव अंगों के कथित कारोबार के जरिए पैसा कमाने की योजना बनाई और अंग निकालने से जुड़ी जानकारी जुटाई।
बच्चे को बहलाकर ले गया, फिर बेरहमी से की हत्या
एसएसपी के अनुसार, 5 नवंबर को रामजीत को शराब पिलाने के बाद लौटते समय बासुदेव की मुलाकात जितेंद्र से हुई। वह बच्चे को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत के पास ले गया। इसके बाद घुमाने के बहाने उसे खुंटाटांगर ले गया, जहां उसे मुर्गा खिलाया और शराब पिलाई।
पुलिस के मुताबिक, बच्चे के नशे में सो जाने के बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसकी दोनों आंखें निकालने के साथ पेट और सीना चीरकर दोनों किडनी और फेफड़े निकालकर बाल्टी में रखे।
दिल्ली से खरीदार आने की उम्मीद में छिपाए अंग
पुलिस का कहना है कि आरोपी को उम्मीद थी कि दिल्ली से कोई व्यक्ति आकर निकाले गए अंग खरीदेगा। दो दिन तक किसी के नहीं पहुंचने पर उसने अंगों को बांस के झाड़ के पास गड्ढा खोदकर दबा दिया।
जांच में आरोपी की इंटरनेट मीडिया चैटिंग भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वह चैटिंग के जरिए दिल्ली में बैठे किसी व्यक्ति से बातचीत होने की गलतफहमी में था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चाकू, फावड़ा, निकाले गए अंग और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में डीएनए और मोबाइल फोन की जांच सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जल्द न्यायालय में आरोपपत्र पेश करेगी और आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने का प्रयास करेगी।



