छत्तीसगढ़

दल्ली राजहरा में रेलवे पुल के किनारे धंसी सड़क, प्रशासन ने लिया जायजा; बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक

दल्ली राजहरा। पुराना बाजार स्थित दल्ली एवं राजहरा माइंस रोड पर रावघाट रेलवे लाइन के पुल क्रमांक-02 के दोनों किनारों की सड़क धंसने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सड़क की स्थिति को देखते हुए रविवार सुबह स्थानीय प्रशासन, पुलिस, रेलवे, नगर पालिका और बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।

मौके पर तहसीलदार देवेंद्र नेताम, थाना प्रभारी सुनील तिर्की, राजहरा स्टेशन के रेलवे प्रबंधक जीके आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर सहित बीएसपी प्रबंधन की ओर से रमेश हेड़ऊ, नितेश क्षत्रिय और संतराम साहू मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने धंस रही सड़क का निरीक्षण कर संभावित दुर्घटना की स्थिति को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की।

सड़क के लगातार धंसने से बड़े वाहनों की आवाजाही के दौरान हादसे की आशंका को देखते हुए वीर नारायण सिंह चौक और दुर्गा कैंप रोड चौक के पास बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि भारी वाहनों की आवाजाही रोकने से सड़क पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा और स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान धंसे हुए हिस्से की मरम्मत को लेकर भी निर्णय लिया गया। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को पहले खोदकर उचित तरीके से मुरूम-मिट्टी से भराव किया जाएगा। इसके बाद सड़क की मजबूती के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा। सड़क के ऊपरी हिस्से पर सीमेंटीकरण अथवा डामरीकरण का कार्य बीएसपी प्रबंधन द्वारा कराए जाने की बात सामने आई है।

प्रशासन, रेलवे, नगर पालिका और बीएसपी प्रबंधन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने के निर्णय से स्थानीय लोगों को राहत की उम्मीद है। समय रहते सड़क का संधारण होने से संभावित दुर्घटना के साथ ही दल्ली माइंस रोड के बंद होने की स्थिति को भी टाला जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button