पति-पत्नी के झगड़े में मासूम की जान गई, आरोपी गिरफ्तार

मॉं पर किया प्रहार गोद में मौजूद बेटे के लिए हुआ जानलेवा
कोरबा। दाम्पत्य जीवन में बढ़ता क्लेश एक मासूम के लिए जानलेवा हो गया। बेवजह के शक से उपजे विवाद ने एक मॉं की गोद सूनी कर दी,और पिता को हत्यारा बना दिया। पति ने पत्नी को मारने के लिए डण्डा/लाठी से प्रहार किया लेकिन इसकी चोट पत्नी की गोद में मौजूद महज ढाई माह के दुधमुंहे बेटे को लगी। मॉं तो घायल हुई किन्तु बेटे ने दम तोड़ दिया। इस मर्मज्ञ घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक कटघोरा थानांतर्गत ग्राम सलोरा निवासी द्वारिका प्रसाद केंवट सोमवार को शराब के नशे में पत्नी मुस्कान केवट के चरित्र पर संदेह करते हुए उससे विवाद कर रहा था। इसी दौरान आवेश में आकर पति ने पत्नी पर डंडे से वार कर दिया। दुर्भाग्यवश, उस समय मां की गोद में मौजूद ढाई माह के मासूम बच्चे सोमू को भी डंडे से चोट लग गई। गंभीर रूप से घायल मासूम को तत्काल उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी आश्चर्यमिश्रित शोक की लहर दौड़ पड़ी।
घटना की सूचना बाद कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी, एसआई चन्द्रमणि खांडे ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति/पिता द्वारिका प्रसाद केंवट को हिरासत में लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



