नाली निर्माण की मांग पर मारपीट का आरोप, एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं; एसपी से न्याय की गुहार

सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में नाली निर्माण की मांग को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम हरेठीखुर्द की एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर अपने पति के साथ मारपीट करने और बीच-बचाव करने पर खुद को भी घायल करने का आरोप लगाया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने अब SP से न्याय की गुहार लगाई है।
दरअसल, पीड़िता प्रमिला बाई साहू के मुताबिक, 2 नवंबर को गांव में सीसी रोड निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य उनके घर के पास पहुंचा, तो उन्होंने और उनके पति ने सड़क के पानी की निकासी के लिए नाली बनाने की मांग की।
आरोप है कि इसी बात को लेकर निर्माण कार्य में मेट के रूप में काम कर रहे राजू कुमार साहू ने उनके पति के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची प्रमिला बाई के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके सिर, कलाई और कोहनी में चोटें आईं।
घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर हसौद पुलिस ने 3 नवंबर को मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पीड़िता का आरोप है कि 25 नवंबर तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोपी से दोबारा विवाद या किसी अप्रिय घटना की आशंका भी जताई है।
पीड़िता प्रमिला बाई साहू ने SP सक्ती को आवेदन सौंपकर मामले की समीक्षा, आरोपी के विरुद्ध शीघ्र वैधानिक कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।



