छत्तीसगढ़

भाटापारा ग्रामीण इलाके में हत्या से हड़कंप, सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव; जांच में जुटी पुलिस

बलौदाबाजार-भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगापुर गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोदवा जाने वाले मार्ग पर इन्द्रा कॉलोनी के पास रविवार सुबह 52 वर्षीय राजा राम उर्फ चोटी साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात आरोपी ने भारी और वजनी पत्थर से चेहरे पर हमला कर उसकी हत्या की है।

मृतक की पहचान राजा राम उर्फ चोटी साहू, पिता महत्तर उर्फ बनिया साहू, उम्र करीब 52 वर्ष, निवासी सिंगापुर गांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है। सुबह स्थानीय लोगों से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा के नेतृत्व में भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस, पुलिस सहायता केंद्र निपनिया की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और साइबर सेल बलौदाबाजार की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञ टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए हत्या से जुड़े संभावित साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने किसी भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या है और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके में भी जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिचितों, परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या से पहले मृतक किन लोगों के संपर्क में था और घटना वाली रात वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।

मामले की जांच में एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों के साथ साइबर सेल की तकनीकी मदद भी ली जा रही है। आसपास के संभावित स्थानों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल हत्या के कारण और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने मामले में जांच और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button