छत्तीसगढ़

 रायपुर में मिनी बस चालक की शर्मनाक हरकत, युवती को अकेला पाकर की छेड़छाड़

रायपुर – राजधानी रायपुर में घर लौटने के लिए मिनी बस में सवार हुई 23 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने रास्ते में बस रोककर नाश्ता लाने का बहाना बनाया और वापस लौटने के बाद सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद युवती को भजिया और पानी देकर दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे जबरन किस कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक दिलहरण पाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काम से घर लौट रही थी युवती

पुलिस के अनुसार, रांवाभाठा निवासी 23 वर्षीय युवती देवेंद्र नगर स्थित एक प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करती है। वह रोजाना काम पर आने-जाने के लिए ई-रिक्शा का इस्तेमाल करती थी। 21 नवंबर से उसने घर लौटने के लिए रांवाभाठा निवासी दिलहरण पाल की मिनी बस में सफर करना शुरू किया था। 26 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे युवती फाफाडीह से मिनी बस में बैठकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोक दी और पांच मिनट में भजिया-नाश्ता लेकर आने की बात कहकर नीचे उतर गया।

बस के दरवाजे और खिड़कियां अंदर से कर दीं बंद

शिकायत के मुताबिक, कुछ देर बाद चालक वापस लौटा और मिनी बस के सभी दरवाजे और खिड़कियां अंदर से बंद कर दीं। इसके बाद उसने युवती को भजिया और पानी दिया। इसी दौरान उसने युवती के सामने दोस्ती करने का प्रस्ताव रखा।

पत्नी का बहाना बनाकर दोस्ती का दिया प्रस्ताव

आरोप है कि चालक ने युवती से कहा कि उसकी पत्नी उसके साथ घूमने नहीं जाती, इसलिए वह उसकी दोस्त बन जाए। उसने यह भी कहा कि जब बस में दूसरे यात्री मौजूद हों, तब युवती उसे भैया कहकर पुकारे। युवती ने इस प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसे बस की पिछली सीट की तरफ आने का इशारा किया, लेकिन युवती ने वहां जाने से भी मना कर दिया।

विरोध के बावजूद की जबरदस्ती

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, युवती के लगातार विरोध करने के बावजूद चालक ने उसका हाथ, बांह और कमर पकड़कर अपनी ओर खींचा और जबरन किस कर लिया। अचानक हुई इस हरकत से युवती घबरा गई, लेकिन उसने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को सुरक्षित बाहर निकालने की योजना बनाई।

बहाना बनाकर बस से निकली और परिजनों को बताई आपबीती

आरोप है कि युवती ने चालक से अगले दिन मिलने और दोस्ती करने की बात कहकर वहां से निकलने का मौका बनाया। बस से उतरते ही वह सीधे घर पहुंची और अपने भाइयों तथा मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों के साथ खमतराई थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button