छत्तीसगढ़

शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर घर में घुसकर महिला से मारपीट, डायल 112 वाहन पर कुल्हाड़ी से हमला; आरोपी गिरफ्तार

  • सरकंडा पुलिस ने फावड़ा और कुल्हाड़ी किया जब्त, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगोई में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक पड़ोसी ने महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डायल 112 के जवानों पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की और कुल्हाड़ी से पुलिस वाहन के कांच तोड़ दिए। मामले में सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक निवासी नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28 वर्ष) शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। महिला द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी जबरन घर में घुस गया और अश्लील गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद उसने महिला के साथ हाथ-मुक्के और थप्पड़ों से मारपीट की। आरोपी ने घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम आरक्षक मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक के साथ मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी घर के अंदर से कुल्हाड़ी लेकर बाहर आया और पुलिसकर्मियों को अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने आरक्षक और चालक को मारने के लिए दौड़ाया तथा कुल्हाड़ी से डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच तोड़कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1718/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। वहीं, डायल 112 के आरक्षक की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में अलग से मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ SP रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त SP शहर पंकज पटेल और नगर SP सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में TI निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का पंचनामा तैयार किया और साक्ष्य जुटाए।

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसके खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज हैं। आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button