छत्तीसगढ़

शिक्षिका और 12वीं के छात्र बेटे की बेरहमी से हत्या, 2-3 संदेही हिरासत में; 20 लाख के लोन से जुड़ा विवाद भी जांच के दायरे में

अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका और उसके 18 वर्षीय बेटे की दोहरे हत्याकांड में हत्या से सनसनी फैल गई है। केशवपुर स्थित ममता कॉलोनी में रहने वाली शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल की हत्या के मामले में पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए 2-3 संदेहियों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों के मोबाइल फोन भी गायब हैं। शिक्षिका के घर एक युवक के आने-जाने और 20 लाख रुपये के लोन को लेकर विवाद की चर्चा सामने आई है, हालांकि इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

महावीरपुर में मिला बेटे का शव, घर के बाथरूम में मिली मां

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले की निवासी 42 वर्षीय रजनी बरेठ सूरजपुर जिले के ग्राम बेलटिकरी स्थित स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। करीब पांच वर्ष पहले पति से तलाक के बाद वह केशवपुर की ममता कॉलोनी में अपने बेटे सुजल के साथ रहती थीं। सुजल बिश्रामपुर स्थित कार्मेल स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था।

बताया गया है कि 9 अक्टूबर से मां-बेटे के मोबाइल फोन बंद थे। 10 अक्टूबर की सुबह अंबिकापुर शहर के पास महावीरपुर में काली घाट मंदिर के पीछे वाले रास्ते पर सुजल का क्षत-विक्षत शव मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान बताए गए हैं। शव की पहचान उसी दिन रात करीब 8 बजे हुई।

मकान पर ताला, देर रात घर पहुंची पुलिस

बेटे का शव मिलने के बाद जब पुलिस शिक्षिका के घर पहुंची, तो मकान पर ताला लगा हुआ था। इससे रजनी बरेठ के भी लापता होने की आशंका गहराई। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने देर रात करीब 2 बजे मकान का ताला तोड़ा, जिसके बाद बाथरूम में शिक्षिका का शव मिला।

मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस अब दोनों हत्याओं के बीच संबंध और वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान करने में जुटी है।

2-3 संदेही हिरासत में, युवक से विवाद की चर्चा

मामले में पुलिस ने 2-3 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि इनमें स्थानीय लोग शामिल हैं। एक युवक का शिक्षिका के घर आना-जाना होने की चर्चा भी सामने आई है। शिक्षिका और युवक के बीच संबंध तथा कथित विवाद की बात कही जा रही है।

इसके अलावा, शिक्षिका द्वारा 20 लाख रुपये का लोन लिए जाने और इसे लेकर विवाद की आशंका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। फिलहाल इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

मोबाइल गायब, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच

शिक्षिका और उनके बेटे, दोनों के मोबाइल फोन गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मोबाइल फोन कहां हैं और क्या उनसे मामले से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। घटनास्थल पर पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।

पुलिस को CCTV फुटेज से कुछ अहम सुराग मिलने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल जांच जारी है। हत्याकांड के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका का खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button