छत्तीसगढ़

चौथिया कार्यक्रम में जा रही पिकअप पलटी: 1 की मौत और 17 घायल

बालोद । धमतरी जिले के एक यादव परिवार के लिए ‘चौथिया’ की रस्म उस समय हादसे में बदल गई, जब बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर उनकी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।

शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम में जा रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था। शुक्रवार शाम परिवार के लगभग 35 सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे रानीमाई मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई।

घायलों मनीष यादव और दीपक यादव के अनुसार, वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। महिलाओं को पहले बस से भेजा गया था, जबकि कुछ लोग मेटाडोर से गए थे। शेष लोग पिकअप में जा रहे थे। आरोप है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर वाहन को तेज गति से चला रहा था और यात्रियों द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की बात कहने के बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की।

हादसे के बाद अफरा-तफरी, राहगीरों ने पहुंचाई मदद

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वाहन से उछलकर सड़क किनारे और झाड़ियों में जा गिरे। कई घायलों के सिर पर चोट आई, जबकि कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बच्चे सुरक्षित, कई घायल गंभीर

वाहन में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 10 बच्चे भी सवार थे, जो बीच में बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं अन्य कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

चालक की भूमिका पर जांच जारी

प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। चालक ने अपने बयान में बताया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया।

अनुभव की कमी भी बनी कारण

जांच में यह भी सामने आया है कि चालक को ड्राइविंग का सीमित अनुभव था। वह करीब एक वर्ष पहले ही ड्राइवर बना था। जिस पिकअप वाहन को वह चला रहा था, उसे उसके परिजनों द्वारा हाल ही में खरीदा गया था।

पुलिस कार्रवाई

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज किया जाएगा। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बाहर रेफर किया जा रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button