जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 63 लाख रुपये के गांजा और नशीली टेबलेट्स का किया गया नष्टीकरण

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 63 लाख रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए 123 किलोग्राम गांजा और नशीली टेबलेट्स को प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) चांपा के प्लांट स्थित भट्ठी (फर्नेस) में विधिवत जलाकर नष्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह मादक पदार्थ जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से अलग-अलग मामलों में बरामद किए गए थे। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के सहयोग से यह कार्रवाई की गई।

यह पूरी प्रक्रिया प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष के रूप में प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, सहायक आबकारी आयुक्त नीलिमा डिग्रेसकर तथा पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी श्री राजाराम वैष्णव उपस्थित रहे।
इसके अलावा थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, जिला अपराध शाखा प्रभारी प्रधान आरक्षक जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। साथ ही PIL के स्टाफ ने भी इस कार्रवाई में सहयोग किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की कार्रवाई से नशे के अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और समाज को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी



