मड़वारानी पहाड़ी से उतरते समय पिकअप हादसे का शिकार, 8 श्रद्धालु घायल

कोरबा। पहाड़ी मार्ग पर लापरवाही और तकनीकी खराबी एक बार फिर हादसे का कारण बनी। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत धार्मिक स्थल मड़वारानी मंदिर से नीचे उतरते समय एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार 8 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु देवी दर्शन कर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 7 बजे पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-11एआर-0284 में कुल 12 लोग सवार होकर शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम सल्खंड से मड़वारानी मंदिर दर्शन के लिए आए थे। वाहन को सूरज प्रसाद कश्यप चला रहा था। पहाड़ी से नीचे उतरते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित पिकअप पहले सड़क किनारे लगे हैंडपंप से टकराई और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन एक पेड़ से जा टकराया और वहीं अटक गया। गनीमत रही कि वाहन खाई में नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
इस दुर्घटना में पुनि राम साहू और गंगाराम साहू सहित गौरी साहू, रानी साहू एवं भगवती साहू समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य रूप से घायल लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि दो गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया है।
बार-बार हो रहे हादसे, नहीं लग पा रही रोक
मड़वारानी मंदिर का मार्ग पहाड़ी और जोखिम भरा है। इसके बावजूद यहां क्षमता से अधिक सवारियां भरकर पिकअप और अन्य वाहनों को ऊपर तक ले जाया जा रहा है। पूर्व में भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा प्रभावी रोकथाम नहीं की जा सकी है।
इसी तरह चैतुरगढ़ मंदिर मार्ग भी पहाड़ी है, जहां पक्की सड़क होने के बावजूद केवल अनुभवी चालकों को ही ऊपर जाने की अनुमति दी जाती है। मड़वारानी मार्ग पर भी इस तरह के सख्त नियम लागू करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।



