छत्तीसगढ़

सनसनीखेज हत्या: पत्नी का सिर काटकर गांव में घूमा पति, पुलिस ने किया गिरफ्तार

चरित्र संदेह को लेकर विवाद के बाद वारदात, बच्चों के सिर से उठा मां का साया

 

कोरबा।  छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बालको थाना क्षेत्र के अंतर्गत रजगामार पुलिस चौकी के ग्राम बुंदेली में बुधवार शाम एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव (पिता राम प्रसाद यादव) मजदूरी का काम करता था और गांव के ही एक फार्म हाउस में रहकर काम करता था। बुधवार को पत्नी के साथ विवाद के बाद उसने शराब के नशे में आकर धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी।

वारदात के बाद आरोपी का व्यवहार और भी हैरान करने वाला था। उसने पत्नी के धड़ को घर में ही छोड़ दिया और कटे हुए सिर को प्लास्टिक की बोरी में रखकर उसमें ही हथियार भी डाल दिया। इसके बाद वह मोटरसाइकिल से रजगामार पुलिस चौकी की ओर निकल पड़ा।

 

रास्ते में एक पोल्ट्री फार्म के पास रुककर उसने लोगों को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और पुलिस के पास जा रहा है। पहले तो लोगों को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब लोगों के कहने पर उसने बोरी खोलकर सिर और हथियार दिखाया, तो मौके पर हड़कंप मच गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी उस पर चरित्र को लेकर संदेह करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार को विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर यह खौफनाक कदम उठा लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। शव और कटे हुए सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, इस दर्दनाक घटना से मृतका के बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जबकि आरोपी पिता के जेल जाने से उनके पालन-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button