नेशनल हाईवे पर मालवाहक पलटा, दो महिलाओं की मौत

राजनांदगांव। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नेशनल हाईवे 930 पर मोहला-मानपुर क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बीटेझर और पैंदुर गांव के बीच एक मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार वाहन (सीजी-08 एयू -5673) में कुल 13 लोग सवार थे, जो राजनांदगांव में आयोजित उर्स से लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार चार घायलों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया है। यह मामला खड़गांव थाना क्षेत्र का है।



