छत्तीसगढ़

कटघोरा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ढाबा संचालकों में हड़कंप

कोरबा । जिले में चल रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे पर तानाखार स्थित कंचन ढाबा को सील कर दिया। ढाबे में लगातार अवैध गतिविधियों की शिकायत मिलने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही पुलिस ने इसी ढाबे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। इसके बावजूद ढाबा संचालकों द्वारा अवैध गतिविधियां जारी रखी जा रही थीं, जिससे पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

 

रविवार को राजस्व विभाग के निर्देश पर कटघोरा पुलिस की मौजूदगी में भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह द्वारा ढाबा परिसर में ताला लगाकर विधिवत सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर लगातार कार्रवाई जारी है।

 

 

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने क्षेत्र के सभी ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या सेवन की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गोपाल यादव और आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई।

 

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button