सीवेज पाइपलाइन कार्य के दौरान 4 मजदूरों की मौत

दल्लीराजहरा 13 मई 2026: थाना क्षेत्र में बीएसपी के सीवेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 4 मजदूरों की नाली में दबकर मौत हो गई। यह घटना फुटबॉल ग्राउंड के पास दास पान ठेला के सामने हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पाइपलाइन विस्तार का कार्य जेसीबी और चैन माउंटेन मशीन की मदद से किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से कई मजदूर नाली में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक चार मजदूरों की जान जा चुकी थी।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसी बीच कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और मजदूर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।



