इंस्टाग्राम पर नाबालिग को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, अश्लील फोटो वायरल करने की देता था धमकी

रायपुर । राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग पुत्री से आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने युवती के निजी फोटो अपने पास हासिल कर लिए और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। शिकायत मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सोहेब सिद्दीकी (21), निवासी कबीर नगर, रायपुर के रूप में की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है। साथ ही नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों और युवाओं से सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग या साइबर अपराध की किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



