कार शोरूम के CEO पर छेड़छाड़ का आरोप, महिला कर्मचारी ने सरेआम की पिटाई

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में एक कार शोरूम के भीतर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में एक महिला कर्मचारी ने कंपनी के CEO पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। मामला उस वक्त और गरमा गया जब महिला ने गुस्से में आकर आरोपी के साथ सरेआम मारपीट कर दी।
छेड़छाड़ के आरोप, थाने में शिकायत दर्ज
जानकारी के अनुसार, महिला कर्मचारी ने शोरूम के CEO अंकित आनंद के खिलाफ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसके साथ गलत व्यवहार कर रहा था।
स्याही फेंकी, फिर की मारपीट
घटना के दौरान महिला कर्मचारी ने पहले CEO के चेहरे पर स्याही फेंकी और फिर गुस्से में आकर उसे थप्पड़ और लात मारी। बताया जा रहा है कि यह घटना पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हुई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है। वीडियो में महिला कर्मचारी को आक्रोशित अवस्था में देखा जा सकता है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



