चंदौली: सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 5 नामजद

चंदौली। मुगलसराय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के आवास पर कारोबारी विवाद को लेकर हुए हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर गाली-गलौज के साथ उनकी मारपीट की। घटना में गार्गी पटेल गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना का विवरण
कल दोपहर मुगलसराय में यह घटना हुई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता प्यारे लाल के परिजनों ने विवाद के दौरान उनके घर में घुसकर अभद्रता की और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान काफी हंगामा मचा रहा और बीच-बचाव करने वाले लोगों को भी धमकियां दी गईं।
घायल गार्गी पटेल ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया और मुझे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही मुगलसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या-260/2026 के तहत धारा 333, 115(2), 351(2), 309(4) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने 5 लोगों को नामजद किया है और उनके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



