कमल ककड़ी निकालते समय तालाब में डूबने से 43 वर्षीय व्यक्ति की मौत

बिलासपुर. । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में तालाब से कमल ककड़ी (ढेंस) निकालने गए व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान करैहा पारा निवासी 43 वर्षीय कैलाश केंवट के रूप में हुई है, जो वर्षों से तालाबों से कमल ककड़ी निकालकर बाजार में बेचने का काम करता था और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार घटना रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित रत्नेश्वर तालाब की है। मंगलवार को कैलाश केंवट रोज की तरह कमल ककड़ी निकालने तालाब पहुंचा था। काम के दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया, जहां अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गया। काफी समय तक उसके वापस नहीं लौटने पर आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और घटना की सूचना रतनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद तालाब से कैलाश केंवट का शव बाहर निकाला गया।घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि कैलाश केंवट परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण तालाब में डूबना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि रत्नेश्वर तालाब में कई स्थानों पर गहराई अधिक है, जिससे कमल ककड़ी निकालने वाले लोगों को हमेशा जोखिम बना रहता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों में सुरक्षा संबंधी उपाय बढ़ाने और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।इस हादसे ने एक बार फिर जीविकोपार्जन के लिए जोखिम भरे कार्यों में जुटे श्रमिकों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



