मेले में आकाशीय बिजली गिरी, महिला की मौत और 11 घायल

दंतेवाड़ा । जिले के चंदेनार क्षेत्र में जात्रा (मेला) में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिर गई।
12 ग्रामीण बिजली की चपेट में आ गए। इनमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। वहीं कोरबा में भी मंगलवार शाम मौसम का अचानक बदल गया। तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया।
तेज हवाओं के कारण कई जगह बैनर-पोस्टर उड़ गए और पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर पड़ीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिन अंधड़, बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।



