छत्तीसगढ़

दिनदहाड़े पीजी में घुसकर युवती की हत्या, चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर आरोपी फरार

दुर्ग/भिलाई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित एक पीजी में घुसकर एक युवक ने 19 वर्षीय युवती की चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जांच-पड़ताल शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान खुशी साहू (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बेमेतरा जिले की रहने वाली थी। वह भिलाई के रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर शहर के एक कैफे में काम करती थी।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर खुशी अपने पीजी में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक चाकू लेकर वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में खुशी गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ गिर गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीजी में रहने वाली अन्य युवतियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल खुशी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और उसके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

दिनदहाड़े पीजी में हुई इस सनसनीखेज हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button