छत्तीसगढ़

कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, 6 की मौके पर मौत; दो घायल, ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

कोरबा । जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और उरगा पुलिस के हवाले कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह एक ट्रेलर तेज गति से कुदुरमाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों का झुंड अचानक उसकी चपेट में आ गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सीधे मवेशियों के बीच घुस गया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाद में चालक को उरगा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल मवेशियों का उपचार शुरू कराया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और डंपर अक्सर तेज गति से चलते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सड़क किनारे और बीच में अक्सर मवेशियों का जमावड़ा रहता है, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button