छत्तीसगढ़

होली के जश्न में नाबालिगों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

जांजगीर-चांपा ।   होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने के मामले में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

 

 

आरोपी ने गांव में साउंड बॉक्स लगाकर नाच-गाना करते समय तीन नाबालिग बच्चों को दबावपूर्वक शराब पिला दी थी, जिससे बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

 

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 3 मार्च 2026 की रात करीब 7:30 बजे ग्राम सुकली की है। आरोपी सोनू दरवेश (34 वर्ष), निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली, अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर होली के मौके पर नाच-गाना कर रहा था।

 

 

 

इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंचे। आरोप है कि सोनू दरवेश ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर तीनों बच्चों को जबरन पिला दी। शराब पीने के बाद बच्चों को नशा हो गया और वे उल्टी करने लगे। परिजन उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

 

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और नाबालिग बच्चों व उनके परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी सोनू दरवेश के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

 

 

 

मामले की जानकारी जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल ग्राम सुकली पहुंची और आरोपी को उसके घर के पास से पकड़ लिया।

 

 

 

पुलिस पूछताछ में आरोपी पहले गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button