छत्तीसगढ़

नशे की 2,100 गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार:पुलिस ने 8.40 लाख रुपए कीमत की नाइट्राजेपम टैबलेट जब्त की

रायपुर- रायपुर पुलिस ने नशे वाली दवा नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद असजद (30) महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। उसके बैग से मिली गोलियों की कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने इन्हें ओडिशा से लाने की बात कही है।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास गोलियों को रखने और बेचने से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद उसके खिलाफ डीडी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ग्राहक तलाशने की सूचना पर पहुंची पुलिस

पुलिस को सूचना मिली थी कि महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहम्मद असजद बताया। वह डंगनिया इलाके की शांति विहार कॉलोनी का रहने वाला है।

बैग की तलाशी में नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ डीडीनगर थाने में अपराध क्रमांक 670/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) में केस दर्ज किया है।

सप्लाई करने वालों की तलाश जारी

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गोलियों के स्रोत, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलियां किससे खरीदी गई थीं और आगे किन लोगों तक पहुंचाई जानी थीं। पुलिस का कहना है कि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर में नशे के मामलों में अब तक 207 गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, प्रतिबंधित नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल बताई गई कीमत 7.19 करोड़ रुपए से अधिक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button