छत्तीसगढ़

मां ने मोबाइल छिपाया तो बेटी ने फांसी लगाई:टॉयलेट में फंदे पर झूली 9वीं की छात्रा, फोन को लेकर भाई से हुआ था झगड़ा

कोरबा– छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मोबाइल को लेकर भाई से झगड़ा हुआ तो 17 साल की बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सानिया बानो 9वीं कक्षा में पढ़ती थी।

31 अक्टूबर की रात भाई से मोबाइल को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद के बाद मां ने फोन छिपा दिया था। इससे नाराज होकर सानिया घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर फंदे पर मिली। सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

मोबाइल को लेकर भाई-बहन में विवाद

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या पुरी के शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता बकरे का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि 31 अक्टूबर की रात घर में मोबाइल को लेकर सानिया और उसके भाई के बीच कहासुनी हो गई थी।

मां ने छिपाया फोन

विवाद बढ़ने पर मां ने मोबाइल छिपा दिया और कहा कि तुम लोग मोबाइल के चक्कर में लड़ते रहते हो, इसलिए किसी को मोबाइल नहीं दूंगी। इस बात से सानिया नाराज हो गई और टॉयलेट के अंदर चली गई।

टॉयलेट में फंदे पर लटकती मिली छात्रा

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पिता ने टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। वहां सानिया फंदे पर लटकी मिली।

परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में ठीक थी। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button