छत्तीसगढ़

ऑनलाइन जुए के कर्ज में जीजा के घर ही कर दी 37 लाख के गहनों की चोरी, CCTV से पकड़ा गया साला

रायपुर– राजधानी रायपुर में ऑनलाइन जुए की लत और कर्ज चुकाने के लिए एक युवक ने अपने ही जीजा के सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने पहले घर की रेकी की और फिर ताला व अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने, चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी पार कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए गए हैं।

मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर का है। यहां रहने वाले अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और वर्तमान में कोंडागांव में पदस्थ हैं। वह अपने परिवार के साथ कोंडागांव में रहते हैं, जबकि रायपुर स्थित मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है।

ताला टूटा मिला, अलमारी से गायब थे जेवर और नकदी

अनिल शर्मा के मुताबिक, 28 अक्टूबर को घर की साफ-सफाई करने वाली महिला काम खत्म करने के बाद मकान में ताला लगाकर उसकी चाबी उनकी मां सुमित्रा शर्मा को सौंप गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर अनिल रायपुर पहुंचे। घर के अंदर अलमारी और लॉकर टूटे मिले। वहां रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब थी। शिकायत के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने BNS की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV में दीवार फांदकर घर में घुसता दिखा आरोपी

जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने पर एक फुटेज में संदिग्ध युवक मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसता और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल की ओर जाता दिखाई दिया।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अनिल शर्मा के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31), पिता देवेंद्र पाण्डेय, निवासी प्रिंस कॉलोनी, टिकरापारा के रूप में की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी शुरुआत में बयान बदलता रहा और चोरी से इनकार करता रहा। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, CCTV समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने वारदात स्वीकार कर ली।

दो दिन जीजा के घर रुककर बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस के अनुसार, आरोपी को ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत थी और इस वजह से उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने जीजा के घर चोरी करने की योजना बनाई। कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ अनिल शर्मा के घर दो दिन रुका था। इसी दौरान उसे अलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के जेवरात तथा नकदी की जानकारी मिली।

उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान खाली है। वारदात के दिन वह दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और तीसरी मंजिल पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथ छोटी ग्राइंडर मशीन लेकर आया था। इससे उसने दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।

शक से बचने के लिए कपड़े और कुछ गहने छोड़े

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी के बाद जांच को भटकाने की कोशिश की। उसने कुछ आभूषण घर में ही छोड़ दिए और अलमारी में रखे कपड़ों को दोबारा व्यवस्थित कर दिया, ताकि घरवालों को तुरंत चोरी का पता न चले और उस पर शक भी न हो। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button