बीमार होकर खेत में गिरा 6 साल का हाथी शावक:उठ नहीं सका, वन-विभाग ने शुरू कराया इलाज, धरमजयगढ़ में नर हाथी का मिला शव

रायगढ़ – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में करीब 6 साल का एक हाथी शावक बीमार होकर खेत में गिर पड़ा। वह काफी देर तक उठ नहीं सका। हाथी ट्रैकर्स को शक हुआ तो उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से उसका इलाज शुरू कराया। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र का है। वहीं, धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार शाम एक नर हाथी का शव मिला है।
सिंघीझाप में दिखा था शावक
जानकारी के मुताबिक, हाथी शावक गुरुवार को सिंघीझाप गांव के पास देखा गया था। इस दौरान उसने एक कार को मामूली नुकसान भी पहुंचाया। रात में विचरण करते हुए वह बनहर गांव के करीब पहुंच गया। शुक्रवार सुबह उसे एक खेत में सोया हुआ देखा गया।
काफी देर तक नहीं उठा तो ट्रैकर्स को हुआ शक
हाथी ट्रैकर्स लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे। जब काफी देर तक शावक नहीं उठा, तो उन्हें कुछ गड़बड़ होने का संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। इसके बाद एसडीओ, रेंजर और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि शावक बीमार है और उठने की स्थिति में नहीं है।
स्थानीय डॉक्टर की मदद से इलाज शुरू
वन विभाग के अधिकारियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय पशु चिकित्सक की मदद से शावक का इलाज शुरू कराया गया। बिलासपुर वृत्त के सीसीएफ मनोज पांडे के मुताबिक, इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ है।
इलाज के बाद भी रखी जाएगी नजर
धरमजयगढ़ के एसडीओ एसडी दीवान ने बताया कि, विशेषज्ञ चिकित्सक भी मौके पर पहुंच रहे हैं। शावक बीमार नजर आ रहा है और उसका इलाज जारी है। करीब 6 साल का यह हाथी अकेले विचरण कर रहा है। इलाज के बाद भी वन विभाग की टीम उसकी लगातार निगरानी करेगी।

धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार शाम एक नर हाथी का शव मिला।
धरमजयगढ़ के जंगल में नर हाथी का शव मिला
इधर, धरमजयगढ़ वन मंडल में शुक्रवार शाम एक नर हाथी का शव मिला। बरतापाली जंगल में हाथी का शव देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हाथी की मौत की वजह सामने नहीं आई है। घटना धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र के बरतापाली जंगल की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह
धरमजयगढ़ डीएफओ सत्यदेव शर्मा ने बताया कि, सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल हाथी की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा। विभाग की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



