रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की जान से खिलवाड़! 134 जर्जर भवन अब भी नहीं तोड़े, 47 लाख का बजट भी बेअसर

रायपुर– राजधानी रायपुर के सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। जिले के कई स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं। कहीं कक्षाओं की छत से प्लास्टर उखड़कर गिर रहा है, तो कहीं दीवारों से ईंटें और लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं। पुराने खपरैल वाले भवनों के ढहने का खतरा भी बना हुआ है। इसके बावजूद इन असुरक्षित कमरों में बच्चों की पढ़ाई जारी है।
हैरानी की बात यह है कि जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक की राशि मंजूर की जा चुकी है, लेकिन कई जगहों पर काम नजर नहीं आ रहा। वहीं, इसी सत्र में तोड़ने के लिए चिह्नित किए गए 134 जर्जर भवन अब भी स्कूल परिसरों में मौजूद हैं। कई भवनों का निरीक्षण तक नहीं हो सका है। ऐसे में स्कूलों में पढ़ने और खेलने वाले बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छोटापारा में आजादी से पहले बना स्कूल भवन जर्जर
शहर के छोटापारा स्थित प्राथमिक शाला का भवन आजादी से पहले बनाया गया था। खपरैल से निर्मित यह पुराना भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इसकी छत से कभी भी खपरैल गिरने की आशंका बनी रहती है। स्कूल परिसर के आसपास छोटे बच्चे खेलते भी हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। प्रशासन ने इस भवन को तोड़कर नया निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार किया है, लेकिन अब तक पुराने भवन को गिराने की कार्रवाई नहीं हुई है।
दलदलसिवनी में कक्षाओं की छत से गिर रहा प्लास्टर
दलदलसिवनी स्थित प्राथमिक शाला में भी हालात चिंताजनक हैं। यहां कक्षाओं की छत का प्लास्टर लगातार उखड़कर नीचे गिर रहा है। इसके बावजूद बच्चे उन्हीं कमरों में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं। स्कूल के शौचालयों की स्थिति भी खराब बताई गई है। परिसर में मौजूद एक पुराने जर्जर भवन को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका है, लेकिन उसे तोड़ने की कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हुई है।
मठपुरैना स्कूल की छत से बाहर निकली लोहे की छड़ें
मठपुरैना सरकारी स्कूल का पुराना भवन भी कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है। इसकी छत से लोहे की छड़ें बाहर निकल आई हैं, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। भवन की खतरनाक स्थिति को देखते हुए इसे तोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, लेकिन फाइलों में मामला अटकने के कारण पुराना ढांचा अब भी स्कूल परिसर में मौजूद है।
संत कंवर राम शासकीय शाला के चार कमरे तोड़ने का प्रस्ताव लंबित
संत कंवर राम शासकीय शाला की इमारत भी बदहाल स्थिति में है। भवन की दीवारों और छतों पर दरारें साफ दिखाई देती हैं। यहां चार कक्षाओं को तोड़ने का प्रस्ताव लंबित है, लेकिन अब तक जर्जर कमरों को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
105 स्कूलों के लिए जारी हुआ 47 लाख से अधिक का बजट
जिला शिक्षा विभाग के मुताबिक, जिले के 105 स्कूलों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 47 लाख रुपये से अधिक का बजट जारी किया गया है। इस संबंध में रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी एम. सतीश नायर ने बताया कि स्वीकृत राशि जनपद पंचायतों के माध्यम से संबंधित ग्राम पंचायतों को भेज दी गई है। स्कूलों का समय पर मेंटेनेंस कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। हालांकि, जर्जर भवनों को तोड़ने की लंबित कार्रवाई और मरम्मत कार्यों की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल बने हुए हैं। बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से इन भवनों का जल्द निरीक्षण और जरूरी कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है।



