छत्तीसगढ़

कोरबा में 14 लाख का ट्रैक्टर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कटघोरा पुलिस ने पेंड्रा से किया बरामद

कोरबा। 28 नवंबर 2026 कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने करीब 14 लाख रुपये कीमत का चोरी हुआ जॉन डियर ट्रैक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी से बरामद किया है। मामले में मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, दीपका के ऊर्जानगर निवासी आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सासा इंटरप्राइजेस के नाम पर पंजीकृत जॉन डियर 5210 ट्रैक्टर (CG 12 BR 9376) तिवेंचा कंपनी की रेलवे लाइन निर्माण साइट पर काम में लगा था।

बताया गया कि 4 नवंबर को ट्रैक्टर खराब होने के कारण उसे निर्माणाधीन बिंझरा रेलवे स्टेशन के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया था। इसके बाद ड्राइवर और कर्मचारी छुट्टी पर चले गए। 22 नवंबर को जब वे वापस काम पर पहुंचे तो ट्रैक्टर मौके से गायब मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट पर संदेह हुआ। जानकारी मिली कि उसे कुछ दिन पहले जॉन डियर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते देखा गया था।

इसके बाद पुलिस ने ग्राम बिंझरा से संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि बिना चाबी के ही ट्रैक्टर को सीधे स्टार्ट कर लिया था। हल्की मरम्मत करने के बाद वह ट्रैक्टर लेकर वहां से निकल गया और उसे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम गिरारी बस्ती स्थित भरी टिकरा में छिपा दिया।

कटघोरा TI राजेश तिवारी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर लिया। आरोपी रमेश कुमार केंवट मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button