एसिड अटैक के आरोपियों को देखकर भड़की भीड़, बालोद कोर्ट के रास्ते में हुई मारपीट, पुलिस ने संभाला मोर्चा

बालोद। बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस जब आरोपियों को थाने से कोर्ट लेकर जा रही थी, तभी घड़ी चौक के पास बड़ी संख्या में लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ ने दोनों आरोपियों के साथ मारपीट की और उनके चेहरों पर कालिख पोत दी। इस दौरान लोगों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने किसी तरह दोनों आरोपियों को भीड़ से बाहर निकाला और कोर्ट की प्रक्रिया पूरी कराई। बाद में जेल ले जाते समय पुलिस ने दोनों को हेलमेट पहनाया, ताकि रास्ते में दोबारा कोई हमला न हो। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी काफी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि जिले के वकीलों ने भी आरोपियों की ओर से पैरवी करने से इनकार कर दिया है।
छात्रा पर पहले से बना रखी थी हमले की योजना
पुलिस जांच के मुताबिक, पीड़ित छात्रा और मुख्य आरोपी यश सोनकर एक ई-लाइब्रेरी में पढ़ते थे और दोनों की करीब डेढ़ साल से पहचान थी। पुलिस का कहना है कि छात्रा की किसी दूसरे युवक से बातचीत को लेकर यश नाराज था। इसी वजह से उसने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर छात्रा पर एसिड से हमला करने की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, करण को 26 सितंबर को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया गया था। इसके बाद दोनों ने दुर्ग से एसिड खरीदा। गणेश उत्सव के दौरान हमला करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अधिक होने के कारण आरोपियों ने उस समय वारदात को टाल दिया।
लाइब्रेरी से घर लौट रही थी छात्रा, रास्ते में फेंका एसिड
5 अक्टूबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे छात्रा लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी के पास करण ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में छात्रा के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। उसकी दायीं आंख की रोशनी प्रभावित हुई है, जबकि एक हाथ भी झुलस गया है। घटना के बाद छात्रा को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया और फिर गंभीर हालत में रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस मामले में छात्रा के उपचार और चोटों से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में टीम ने पहले यश सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को कथित साजिश और दूसरे आरोपी करण कुंजाम के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां करण से घटना का रिक्रिएशन कराया गया। पुलिस अब मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



