मंदिर में दान का झांसा देकर ज्वेलर्स से 8 तोला सोना ठगा, 12 लाख के गहने लेकर फरार

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में मंदिर में दान करने के नाम पर ज्वेलर्स से सोने के गहने ठगी करने का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली क्षेत्र की सराफा लाइन स्थित श्री शिव ज्वेलर्स में दो नकाबपोश व्यक्ति पहुंचे और दुकानदार को मंदिर में दान करने का झांसा देकर करीब 8 तोला सोना लेकर फरार हो गए। गहनों की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंदिर में दान करने का दिया झांसा
बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी सामने स्थित बजरंगबली मंदिर में दान करने की बात कहकर ज्वेलर्स के संचालक को अपने साथ ले गए। आरोपियों ने बातचीत के दौरान उसे अपने विश्वास में लिया और दान के नाम पर सोने के गहने निकलवा लिए।
21 हजार रुपये दान के नाम पर शुरू हुआ खेल
पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने पहले 21 हजार रुपये दान करने की बात कही। इसके बाद सोने से बांधने की बात कहकर उसकी सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली गई। इसके बाद आरोपी वापस दुकान पर पहुंचे और दान के नाम पर अन्य सोने के गहने भी निकलवा लिए।
बुधवार को आने की बात कहकर हुए फरार
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने गहने लेने के बाद बुधवार शाम को वापस आने की बात कही और वहां से फरार हो गए। जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।



