छत्तीसगढ़

नक्सलियों के हथियारों का डंप बरामद, AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त

दंतेवाड़ा – दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मंगनार और आसपास के जंगलों में चलाया गया सर्चिंग अभियान

पुलिस के मुताबिक 5 अक्टूबर को ग्राम मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगलों एवं पहाड़ी क्षेत्रों में जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान शुरू किया था। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर की गई।

कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच मिला संदिग्ध डंप

6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे कोहकाबेड़ा और बुरदूम के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध डंप मिला। तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री बरामद हुई।

AK-47 और इंसास समेत हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में एक AK-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक BGL लांचर, एक 315 बोर बंदूक और छह भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा नौ BGL सेल, बड़ी संख्या में कारतूस, इंसास मैग्जीन और अन्य हथियार सामग्री भी जब्त की गई है।

बम और विस्फोटक सामग्री भी मिली

सर्चिंग टीम को दो टीफिन बम, आठ कूकर बम, दो तीर बम और करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर भी मिला। इसके साथ ही 20 वॉकी-टॉकी सेट, नक्सली वर्दी और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं। विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के अनुसार कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी

दंतेवाड़ा पुलिस के मुताबिक जंगल और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं अन्य सामग्री के डंप की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button