छत्तीसगढ़

कोड़िया बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से चोरी के मामले में रखा गया एक अपचारी बालक फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बालक को करीब 20 दिन पहले ही संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया था। सुबह बालकों की गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सुबह कर्मचारियों को चकमा देकर हुआ फरार

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पोड़ीबहार निवासी एक अपचारी बालक के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके बाद उसे 27 सितंबर को कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।

बताया जा रहा है कि सुबह संप्रेक्षण गृह का मुख्य द्वार खोले जाने के दौरान कर्मचारी और सुरक्षा जवान अपने काम में व्यस्त थे। इसी बीच बालक कथित तौर पर चैनल गेट खोलकर फरार हो गया। कुछ समय बाद गिनती के दौरान उसके गायब होने का पता चला। कर्मचारियों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सीएसईबी पुलिस चौकी को सूचना दी गई।

पहले भी सामने आ चुकी हैं फरार होने की घटनाएं

बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक के फरार होने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है।

घर और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही पुलिस

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए अपचारी बालक के फरार होने की सूचना मिली है। पुलिस उसकी पतासाजी कर रही है। इसके लिए उसके घर और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button