घरेलू विवाद का खौफनाक अंत, पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पति की कर दी हत्या… गिरफ्तार

मोहला-मानपुर– छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में पति की कथित प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी मालती बाई को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है।
शराब के नशे में घर पहुंचकर पत्नी से करता था मारपीट
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया गया है कि पति की लगातार प्रताड़ना से परेशान मालती बाई ने गुस्से में आकर घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पति के चेहरे, गर्दन तथा सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना की जानकारी अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस ने खून लगी कुल्हाड़ी सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।
पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का दावा
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने कुल्हाड़ी से हमला करने की बात स्वीकार की। इसके बाद 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


