माओवादी ठिकाने पर सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जंगल से 670 जिंदा BGL सेल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

पोलावरम। आंध्र प्रदेश में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। रामपाचोडावरम के जंगलों में आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान विस्फोटकों का बड़ा भंडार बरामद किया है। तलाशी में 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) सेल समेत डेटोनेटर, गनपाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है।
जंगल में छिपाकर रखा था विस्फोटकों का जखीरा
संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को 670 जिंदा BGL सेल मिले। इसके अलावा 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम गनपाउडर, कॉर्डेक्स के 25 टुकड़े और 12 एक्सप्लोसिव रिंग भी बरामद किए गए। तलाशी अभियान में सात जिंदा भरमार कारतूस भी मिले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह सामग्री माओवादी गतिविधियों से संबंधित हो सकती है। हालांकि, इसके वास्तविक इस्तेमाल और स्रोत की पुष्टि जांच के बाद होगी।
मोर्टार के खाली केस और मेडिकल सामग्री भी जब्त
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को 62 एमएम मोर्टार के 16 खाली केस और छह मीटर फ्यूज भी मिले। इसके साथ ही चिकित्सा संबंधी सामान भी बरामद किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी वस्तुओं को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
आंध्र प्रदेश पुलिस और CRPF का संयुक्त सर्च ऑपरेशन
रामपाचोडावरम वन क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों से जुड़े संभावित ठिकानों की तलाश के लिए आंध्र प्रदेश स्पेशल पुलिस और CRPF की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री का पता चला। इतनी बड़ी संख्या में जिंदा BGL सेल और अन्य सामग्री मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामान के स्रोत और संभावित माओवादी कनेक्शन की पड़ताल कर रही हैं।


