छत्तीसगढ़

रायगढ़ में प्लांटकर्मी से लूट, 24 घंटे में तीन आरोपी पकड़े गए

ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने वारदात, मारपीट कर 1500 रुपये लूटे; सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

रायगढ़। शहर में प्लांटकर्मी के साथ मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक युवक और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम 1500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया है। मामले में आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम नवारा निवासी बबलू चौहान 17 सितंबर की रात ट्रेन की जानकारी लेने रायगढ़ रेलवे स्टेशन आया था। रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह ओवरब्रिज के नीचे तुलसी होटल के सामने मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उससे पैसों की मांग करते हुए विवाद करने लगे। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान एक नाबालिग ने ब्लेड से उसे चोट पहुंचाई और उसकी पैंट की जेब में रखे 1500 रुपये छीनकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने शनि वैष्णव समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शनि वैष्णव के कब्जे से 1000 रुपये, एक विधि से संघर्षरत बालक से 500 रुपये और दूसरे से घटना में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक शनि वैष्णव का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button