चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया : ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज

सूरजपुर । जिले के एक गांव में ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। ग्रामीणों का कहना है, युवकों को पंप चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। अमानवीय कृत्य करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। वीडियो में युवक पंप के साथ दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित युवकों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है, अगर युवकों के साथ मारपीट की गई है तो दोषियों पर कार्रवाई होगी। मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र का है। बता दें कि एक महीने में जिले में यह दूसरी अमानवीय घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में चोरी के शक में युवक का आधा सिर मुंडवा कर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई थी। इसके बाद मारपीट करते हुए उसे उसकी पत्नी के साथ पूरे गांव में घुमाया गया था। छिंदिया गांव के धनसाय (35) और मुकेश (25) खेती-किसानी करते हैं। इन दोनों पर खेत से सबमर्सिबल पंप चोरी करने का आरोप है।
ग्रामीणों के मुताबिक, धनसाय और मुकेश को रंगे हाथों पंप चोरी करते हुए पकड़ा है। ग्रामीणों ने दोनों को सजा के तौर पर जूते-चप्पलों की माला पहनाई। चोरी का सामान उनके पीठ पर लादकर पूरे गांव में घुमाया गया। घटना का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है।



