छत्तीसगढ़

LIC ऑफिस में फंदे से लटका मिला सुरक्षाकर्मी का शव जांच में जुटी पुलिस…

कोरबा । कोरबा जिला कलेक्ट्रेट के पास स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के ऑफिस के अंदर सोमवार सुबह एक सुरक्षा कर्मी की फांसी के फंदे से लटकी लाश मिली। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है। वह आरा मशीन निवासी था और एलआईसी ऑफिस में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी करता था। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, विनोद सोनवानी रविवार को घर से लौटा था और रात में ड्यूटी पर चला गया था। परिजनों ने रात में उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

इससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। सुबह लगभग 5 बजे पिता राजेन्द्र सोनवानी बेटे को देखने सीधे एलआईसी ऑफिस पहुंचे। काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने एलआईसी ऑफिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी। ऑफिस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो विनोद कार्यालय के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह देखकर सभी के होश उड़ गए।

तुरंत इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और एलआईसी कर्मचारियों के बयान ले रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button