सतरेंगा में पिकनिक बना मातम: नदी में डूबने से 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए 24 वर्षीय एसईसीएल कर्मी सुभांशु ध्रुव की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को हुई इस घटना के बाद सोमवार सुबह करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने उनका शव नदी से बरामद किया। इस हादसे से परिवार, दोस्तों और एसईसीएल कर्मचारियों में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान लौटते समय सुभांशु गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते तेज बहाव में डूब गए। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उनकी मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही श्यांग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। इसके बाद सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सुबह करीब 11:30 बजे सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया।



