छत्तीसगढ़

कटघोरा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में धान रोपाई कर रहे तीन ग्रामीणों की मौत

सलोरा-छुरी गांव में मेढ़ पर गिरी गाज, 25 से 30 मजदूर कर रहे थे खेत में काम; हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा/कटघोरा.  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान की रोपाई का काम कर रहे तीन ग्रामीणों की बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और खेत में काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में हुई। शनिवार दोपहर करीब 25 से 30 ग्रामीण खेत में धान की रोपाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव आया। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के बीच अचानक खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में वहां मौजूद तीन ग्रामीण आ गए। बिजली गिरते ही खेत में काम कर रहे अन्य मजदूर घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने झुलसे हुए तीनों लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सीएचसी कटघोरा की बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि तीनों ग्रामीणों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन परीक्षण के दौरान उनकी मृत्यु हो चुकी थी। आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के शवों का मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग

आकाशीय बिजली गिरने से हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिवारों को जल्द आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है।

वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचें। आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button