छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से दो महिलाओं की मौत, जसगीत गाने जा रही थीं महिलाएं

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य महिलाएं और बाइक चालक घायल हो गए। महिलाएं मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थीं। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बुलेट ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

तेज रफ्तार बुलेट ने महिलाओं की टोली को मारी टक्कर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे महिलाओं की टोली मादर-ढोल लेकर ठाकुर देवता स्थल पर जसगीत गाने जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर मुख्य मार्ग पर बुलेट बाइक क्रमांक CG 12 AR 8993 के चालक राहुल का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बाइक ने महिलाओं को टक्कर मार दी।

हादसे में कई महिलाएं और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में दो महिलाओं की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृत महिलाओं की पहचान ब्रिंदा बाई महंत और शकुंतला बाई महंत के रूप में हुई है। दोनों आपस में रिश्तेदार थीं। हादसे में घायल बाइक चालक राहुल का अस्पताल में इलाज जारी है।

जसगीत कार्यक्रम बंद, गांव में पसरा मातम

दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद गांव में चल रहे जसगीत कार्यक्रम को बंद करा दिया गया। जिस धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए महिलाएं जा रही थीं, वहां हादसे की खबर से माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद दर्री थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button