छत्तीसगढ़

अधिकारी का नंबर क्लोन कर 2 करोड़ रुपए ठगे:वॉट्सऐप पर आया 2 करोड़ ट्रांसफर करने का मैसेज, अकाउंटेंट ने खाते में भेज दी रकम

रायपुर – रायपुर में ठगों ने एक कंपनी के अधिकृत अधिकारी का मोबाइल नंबर क्लोन कर 2 करोड़ रुपए ठग लिए। ठगों ने अधिकारी के नंबर से कंपनी के अकाउंटेंट को वॉट्सऐप मैसेज भेजा और तुरंत रकम ट्रांसफर करने को कहा।

अकाउंटेंट ने मैसेज को अधिकारी का निर्देश समझकर बताए गए बैंक अकाउंट में 2 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में अधिकारी से बात हुई, तो उन्होंने ऐसा कोई मैसेज भेजने से इनकार कर दिया।

मामला वांकला केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के कॉर्पोरेट ऑफिस का है। पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कंपनी के अधिकृत अधिकारी अंशुल शर्मा के नंबर से अकाउंटेंट बीरेश तिवारी को वॉट्सऐप मैसेज मिला था। इसमें 2 करोड़ रुपए तुरंत ट्रांसफर करने को कहा गया था।

मैसेज पर भरोसा करके अकाउंटेंट ने बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा से आरटीजीएस के जरिए प्रयागराज स्थित एक बैंक खाते में रकम भेज दी। बाद में जब अंशुल शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि ऐसा कोई निर्देश उन्होंने नहीं दिया था।

इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में अधिकारी के मोबाइल नंबर की क्लोनिंग या वॉट्सऐप के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button