छत्तीसगढ़

अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 26 नवंबर। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पटवारी को निर्माण कार्य रोकने की समझाइश देने पर विवाद करते हुए उनके साथ मारपीट की। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी (37 वर्ष) ग्राम रायकेरा क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच और मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे। यह कार्रवाई तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र के ग्राम नयारामपुर में एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी द्वारा शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था।

पटवारी ने संबंधित व्यक्ति को जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार ने भी फोन पर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा। आरोप है कि मौके से लौटते समय प्यारीलाल गुप्ता ने पटवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी वहां पहुंच गया और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की।

घटना की शिकायत पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत बीएनएस की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने 25 नवंबर को दबिश देकर आरोपी विजय गुप्ता (53 वर्ष), निवासी ग्राम रायकेरा, थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा शासकीय सेवकों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button