छत्तीसगढ़

महासमुंद जिला जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत, हार्ट अटैक की आशंका

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में बंद 44 वर्षीय कैदी सय्यद अशफाक की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह करीब 7 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह जेल परिसर में ही गिर पड़ा। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

वर्ष 2023 से NDPS एक्ट के तहत जेल में था बंद

जानकारी के मुताबिक, मृतक सय्यद अशफाक मूल रूप से बिलासपुर का निवासी था। वह वर्ष 2023 से एनडीपीएस एक्ट के तहत महासमुंद जिला जेल में बंद था। बुधवार सुबह अचानक उसकी तबीयत खराब हुई और वह परिसर में गिर पड़ा। इसके बाद जेल प्रशासन ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी में कैदी की मौत का कारण हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम

घटना की सूचना जेल प्रशासन की ओर से पुलिस और मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही कैदी की मौत से जुड़े तथ्यों और वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button